पूरे देश में बिहार दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आज 70 जगहों पर बिहार दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस को महोत्सव के रूप में मनाये जाने की पूरी तैयारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार के तमाम मंत्री बिहार दिवस समारोह का गवाह बनने जा रहे हैं। बिहार में 22 मार्च 2012 से बिहार दिवस मनाने की परंपरा की शुरुआत हुई थी। धीरे-धीरे बिहार दिवस समारोह का स्वरूप व्यापक हो चुका है। अब भारत के कई राज्यों में 70 जगहों पर बिहार दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह के लिए खास तैयारी की गई है।
बिहार दिवस के आयोजन को लेकर राजधानी का ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह सजकर तैयार है। इस साल बिहार दिवस का आयोजन व्यापक और भव्य तरीके से किया जा रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार 10 गुणा अधिक क्षेत्रफल यानी 1 लाख 25 हजार वर्ग फीट में इसका आयोजन किया जा रहा है। थीम "उन्नत बिहार-विकसित बिहार" रखा गया है।
यह भव्य महोत्सव 22 से 26 मार्च तक चलेगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शनिवार को कर रहे हैं। शिक्षा विभाग इसका नोडल विभाग है और उसके स्तर से इस महोत्सव के लिए व्यापक तैयारी की गई है। यह आयोजन आम जनता के लिए पूरी तरह से मुफ्त रहेगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी और प्रदर्शनी के लिए विभिन्न विभागों की तरफ से स्टॉल भी लगाए गए हैं।