रेत माफियाओं पर शिकंजा, 4 वाहन जब्त, वसूला गया 70 लाख का जुर्माना

  • Jul 14, 2026
Khabar East:Crackdown-on-sand-mafia-4-vehicles-seized-₹70-lakh-fine-recovered
धमतरी,14 जुलाईः

जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने दो दिनों तक कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध रेत परिवहन में लगे 4 वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग के मुताबिक 12 और 13 जुलाई को ग्राम सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा सहित आसपास के क्षेत्रों में उड़नदस्ता दल ने दबिश दी। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए 4 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और सघन कार्रवाई की जा रही है। शिकायत मिलते ही खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करती है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 खनिज विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13 जुलाई तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 239 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का अर्थदंड वसूल किया जा चुका है। यह राशि शासकीय खनिज मद में जमा कर संबंधित मामलों का प्रशमन भी किया गया है।कलेक्टर ने आम लोगों से भी अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।

Author Image

Khabar East

  • Tags: