झारखंड के बोकारो में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई। घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के पास अहले सुबह की है। मृतक की पहचान भरत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9 के वैशाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी राजीव रंजन के अनुसार,आरोपी पंकज साव ने बुजुर्ग भरत सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे थे। बुजुर्ग ने पैसे देने से इनकार कर दिया,जिसके बाद आरोपी ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के बेटे के आवेदन पर हरला थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वैशाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून लगा शर्ट, कंबल, मृतक का मोबाइल औप टूटा चश्मा भी बरामद कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है, इस कारण भी वह घटना को अंजाम दे सकता है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।