केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ओडिशा में राजमार्ग उन्नयन परियोजनाओं के लिए 447.11 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह राशि नुआपड़ा और बलांगीर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 और राष्ट्रीय राजमार्ग-59 के अंतर्गत 103.52 किलोमीटर लंबे कुरुमपुरी–राज खरियार खंड के उन्नयन कार्य पर खर्च की जाएगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए गडकरी ने कहा कि एनएच-353 और एनएच-59 मिलकर एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय कॉरिडोर बनाते हैं, जो छत्तीसगढ़ के रायपुर–महासमुंद क्षेत्र को ओडिशा से जोड़ते हुए आगे ब्रम्हपुर और गोपालपुर बंदरगाह तक संपर्क प्रदान करता है।
उन्होंने लिखा, “ओडिशा में हमने नुआपड़ा और बलांगीर जिलों में एनएच-353 और एनएच-59 के तहत 103.52 किमी लंबे कुरुमपुरी–राज खरियार खंड के उन्नयन के लिए 447.11 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना नुआपड़ा, बलांगीर, कलाहांडी, कंधमाल और गंजाम जिलों में क्षेत्रीय तथा अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करेगी, जिससे यात्री और माल परिवहन दोनों की आवाजाही अधिक सुगम और प्रभावी होगी।
उन्होंने बताया कि इस कॉरिडोर में ब्लैक स्पॉट सुधार और पक्के शोल्डर (सड़क किनारे मजबूत पट्टी) की व्यवस्था से सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए, जो इस क्षेत्र में यातायात का बड़ा हिस्सा हैं।
गडकरी ने यह भी कहा कि इस परियोजना से दारिंगबाड़ी, सुनाबेड़ा वन्यजीव अभयारण्य और आसपास के पहाड़ी पर्यटन स्थलों तक पहुंच बेहतर होगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।