महा विषुव संक्रांति और ओड़िया नववर्ष के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने उपमुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर ओडिशा के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सभी ओड़िया भाई-बहनों को बधाई देते हुए कहा कि
ओड़िया नववर्ष और महा विषुव संक्रांति के इस पावन अवसर पर मैं आप सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह नया साल आपके जीवन में अपार खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए, और हमें अपनी समृद्ध संस्कृति तथा ओड़िया पहचान को गर्व के साथ वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने की नई ऊर्जा प्रदान करे।
उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिड़ा ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पवित्र महा विषुव संक्रांति, पणा संक्रांति और ओड़िया नववर्ष के इस अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह शुभ दिन सभी के लिए अनंत अवसरों, सफलता और समृद्धि के द्वार खोले।
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने लोगों से नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ओड़िया नववर्ष, महा विषुव संक्रांति और पणा संक्रांति के अवसर पर मेरे सभी प्रिय ओड़िया भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हमारी संस्कृति, विरासत और गौरव को दर्शाता है। आइए, हम सभी नए वर्ष में नए संकल्पों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें और ओडिशा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। मैं भगवान श्री जगन्नाथ के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति बनी रहे। यह नई चेतना आपके जीवन को प्रकाशित करे और आपको राष्ट्र व राज्य की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती रहे।