डुमरी विधानसभा क्षेत्र के जेएलकेएम विधायक जयराम महतो धनबाद स्थित एमपी-एमएलए न्यायालय में पेश हुए। बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में आरोपी जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने पुलिस से केस डायरी तलब की है। अब मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर 2026 को होगी। जयराम महतो के अलावा सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल की ओर से भी अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शाहनवाज ने अदालत से आरोपियों के खिलाफ किसी भी तरह की पीड़क कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। वहीं, अपर लोक अभियोजक सत्येंद्र कुमार राय ने बचाव पक्ष की मांग का विरोध करते हुए मामले की केस डायरी अदालत में प्रस्तुत कराने का आग्रह किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया और अगली सुनवाई के लिए 10 सितंबर की तारीख निर्धारित की।
मामला बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर विधायक जयराम महतो, सुशील मंडल समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोप लगाया है कि थाना परिसर में विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।