पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री माझी को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं

  • Jan 06, 2026
Khabar East:PM-Modi-Extends-Birthday-Wishes-To-CM-Majhi-Calls-Him-Hardworking
भुवनेश्वर,06 जनवरीः

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य की विकास गति को आगे बढ़ाने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री माझी के प्रयासों की सराहना की। एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओडिशा के परिश्रमी मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने ओडिशा की विकास यात्रा को सशक्त बनाने और राज्य के युवाओं को सशक्त करने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। मैं जनसेवा में उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।

 मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का जन्म 1972 में ओडिशा के केंदुझर जिले में हुआ है। वे संताल जनजाति समुदाय से संबंध रखते हैं। उन्होंने 1997 में सरपंच के रूप में राजनीति में प्रवेश किया। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनावों में माझी ने केंदुझर सीट से चौथी बार जीत दर्ज की और उन्हें ओडिशा का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री माझी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप आप राज्य में निरंतर जनसेवा और सुशासन को गति दे रहे हैं। मैं भगवान जगन्नाथ से आपके दीर्घ और सफल जीवन की प्रार्थना करता हूं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी को हार्दिक जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना करता हूं।

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी को हार्दिक जन्मदिन की बधाई। भगवान जगन्नाथ आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें, यही मेरी प्रार्थना है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: