राजधानी रांची के सदर अस्पताल से अगवा की गई मात्र 7 दिनों की मासूम बच्ची को रांची पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। रांची पुलिस सूत्रों ने मामले की पुष्टि करते हुए यह जानकारी दी है कि इसमें एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जानकारी रांची पुलिस के द्वारा आज दी जाएगी। 17 फरवरी को बच्ची के गायब होने के बाद रांची के लोअर बाजार थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया था।रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा की स्पेशल टीम ने रांची के सदर अस्पताल से गायब की गई सात दिन के मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल टीम के सहयोग से पुलिस की टीम ने बच्ची को रांची के बेड़ो इलाके से बरामद किया है। मामले में आरोपित एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है जो रांची के नरकोपी इलाके की रहने वाली है।सात दिन के मासूम बच्ची के गायब होने की कहानी भी पूरी फिल्मी है। जिस महिला के द्वारा बच्ची का अपहरण किया गया था उसकी कोई संतान नहीं थी, लेकिन उसने अपने गांव में कई महीनों से यह कह रखा था कि वह गर्भवती है। हालांकि हकीकत में आरोपी महिला गर्भवती नहीं थी।
फरवरी महीने में आरोपी महिला को हर हाल में एक बच्चा चुराना था, जिसे वह अपना बच्चा बता कर अपने गांव ले जाती। इसी बीच वह लगातार रांची के सरकारी अस्पतालों का चक्कर लगा रही थी। 13 फरवरी को वह रांची के सदर अस्पताल पहुंची और लेबर रूम के आस पास घूमती रही। 14 फरवरी को रांची के पिठोरिया के रहने वाली सबिता देवी ने सदर अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। अब आरोपी महिला उसी बच्चे को चुराने के चक्कर में लग गई।