देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि झारखंड पहुंची हैं। उनके देवघर आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गयी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देवघर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर आदिवासी परंपरा के साथ उनका स्वागत किया गया। सबसे पहले राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद देवघर के डीसी एसपी ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया। देवघर एयरपोर्ट से निकलने के दौरान राष्ट्रपति ने हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन किया। राष्ट्रपति के आगमन के दौरान पूरे एयरपोर्ट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी अनजान शख्स को एयरपोर्ट के आसपास नहीं जाने दिया जा रहा था।
राष्ट्रपति के देवघर आगमन से पहले एम्स में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रखे गए हैं। इसके अलावा एम्स को पूरी तरह से सजा दिया गया है ताकि पहले दीक्षांत समारोह में आने के बाद राष्ट्रपति का उचित सम्मान हो सके। वहीं जिला प्रशासन की तरफ से 11:00 बजे से करीब 3:00 बजे तक देवघर से देवीपुर रोड जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से वीआईपी मार्ग कर दिया गया है। 11:00 बजे से लेकर राष्ट्रपति के देवघर से रवाना होने तक किसी भी तरह की भारी एवं हल्की वाहनों का उस मार्ग में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। एम्स के साथ-साथ एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम रखे गए हैं। किसी भी आम व्यक्ति को एयरपोर्ट के आसपास बिना काम के नहीं जाने दिया जा रहा है। मालूम हो कि यह देवघर एम्स का यह पहला दीक्षांत समारोह है जहां पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एमबीबीएस छात्रों के बीच मेडल और एमबीबीएस छात्रों के बीच डिग्रियों का वितरण करेंगी।