पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इनमें से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर में हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक री-पोलिंग के दौरान दोपहर 1 बजे तक 55.57% मतदान दर्ज किया गया है। मगराहाट पश्चिम सीट के चार बूथों पर 1 बजे तक 56.33% और डायमंड हार्बर सीट के 11 बूथों पर 1 बजे तक 54.9 % मतदान हुआ है।
बीजेपी ने इन मतदान केंद्रों पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे, जिसका संज्ञान लेते हुए निर्वाचन आयोग ने इन सभी जगहों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि फलता इलाके में एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में कमल के फूल निशान वाले बटन पर टेप लगाकर उसे छिपाने की कोशिश की गई। इसका फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस संबंध में मतदाताओं और राजनीतिक दलों की ओर से शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं, जिनमें ईवीएम से छेड़छाड़, बूथ कैप्चरिंग और धांधली के आरोप लगाए गए।