छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार देर रात दो कारों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास की है। दोनों कारें तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं, जिससे भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है।
वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कांकेर लाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसपी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि घायलों के ठीक होने के बाद पूछताछ करके घटना की जानकारी ली जाएगी।