ओडिशा के गंजाम जिले में सोमवार को देसी बम विस्फोट की घटना में दो नाबालिग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना कविसूर्यनगर थाना क्षेत्र के खजापल्ली गांव में हुई। घायलों की पहचान 14 वर्षीय ओम प्रकाश भुइयां और 8 वर्षीय गणेश भुइयां के रूप में हुई है। विस्फोट में ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गणेश को भी चोटें आई हैं। ओम प्रकाश को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जबकि गणेश का इलाज कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर में अपने घर के पीछे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक वस्तु मिली, जिसे उन्होंने गेंद समझ लिया। जैसे ही उन्होंने उसे उठाया, वह अचानक फट गई और दोनों बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर कविसूर्यनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।