ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा आयोजित एकता दौड़ (Unity Run) का शुभारंभ कलिंगा स्टेडियम से किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि एकता, भाईचारा और देशभक्ति ही विकसित भारत की असली ताकत हैं। “विविधता में एकता ही भारत की आत्मा और शक्ति है।” माझी ने कहा कि जाति, धर्म या भाषा से परे ‘भारतीय होने’ की भावना ही देश को एकजुट और सशक्त बनाती है।
 मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को एक महान नेता बताया जिन्होंने सैकड़ों रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि आज हम भारत को ‘एक’ के रूप में देखते हैं, यह सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता का परिणाम है।
 सीएम माझी ने सरदार पटेल के योगदान को नमन करते हुए सभी से एकजुट और समन्वित होकर विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकता दौड़ एकता, सद्भाव और देशभक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने याद दिलाया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में की थी, और 2018 में गुजरात के केवड़िया में 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का अनावरण किया गया था, जो आज विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा और भारत के गौरव का प्रतीक है।
 मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एकता दौड़ हमें याद दिलाती है कि एकता केवल एक इच्छा नहीं, बल्कि सामूहिक शक्ति है। सरदार पटेल के जीवन से प्रेरित होकर, हमें भाईचारे, शांति और समृद्धि के बंधनों को और मजबूत करते हुए एक समृद्ध ओडिशा और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
 खेल मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि एकता दौड़ का उद्देश्य एकता, सद्भाव और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है, और एक सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन सचिव सचिन रामचंद्र जाधव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
 उल्लेखनीय है कि एकता दौड़ कलिंग स्टेडियम से शुरू होकर पॉवर हाउस चौक तक पहुंची, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।