बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव प्रचार थमने के बाद अब सभी उम्मीदवार अंतिम दौर में मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बार मुकाबला एनडीए और महागठबंधन तक सीमित नहीं है। जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारकर चुनावी समीकरण को बहुकोणीय बना दिया है।पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबला चर्चा में है। राजद के दिलीप कुमार,कांग्रेस के असदुल्लाह खान और आम आदमी पार्टी के हिमांशु पटेल भी मैदान में हैं। जदयू विधायक अनंत सिंह द्वारा जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किए जाने से इस सीट की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
पटना शिक्षक सीट पर भाजपा के नवल किशोर यादव के सामने राजद,कांग्रेस और जन सुराज के उम्मीदवार हैं। दरभंगा स्नातक और शिक्षक तथा तिरहुत स्नातक और शिक्षक सीटों पर भी विभिन्न दलों के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। कोसी स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर भी मुकाबला अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 23 अक्टूबर के मतदान और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।