चक्रवात अक्वान का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से ही कई जिलों में रुक रुककर बारिश और हवाओं का सिलसिला जारी है। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ गई है। अक्वान साइक्लोन के कारण प्रदेश में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।
इस संबंध में रायपुर मौसम केंद्र ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अक्वान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को चक्रवाती गतिविधि बढ़ने की संभावना है और यह एक या दो स्थानों को प्रभावित भी कर सकता है।
वहीं, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के कई क्षेत्रों में भी सुबह से ही बारिश हो रही है। काले बादल छाए हुए हैं। ठंड बढ़ गई है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर जाने वालों को ठंड बढ़ने से परेशानी का सामाना करना पड़ा।
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। इन दिनों जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में धान की कटाई और मिसाई का काम चल रहा है। कई किसानों ने धान की कटाई के बाद फसल को खेतों में ही खुले में रखा हुआ है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश से कटी हुई धान की फसल भीगने और खराब होने की आशंका बढ़ गई है। धान में नमी आने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने की चिंता बढ़ा दी है।