अनोखे अंदाज में कांग्रेस ने कटक में किया विरोध प्रदर्शन

  • Sep 10, 2018
Khabar East:congress-protest-in-cuttack-in-a-different-style
कटक, 10 सितम्बरः

तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस की ओर से सोमवार को भारत बंद किया गया। जिसका असर ओडिशा में भी दिखा। कांग्रेस और वामदलों के कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में अपने-अपने अंदाज से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सिल्वर सिटी में कटक में विरोध प्रदर्शन करने का कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला।  कटक के बादामबाड़ी चौक पर अनोखे अंदाज में कांग्रेस पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। कटक नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इ.मोहम्मद मोकिम समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने क्रिकेट खेलते हुए विरोध  प्रदर्शन किया । पार्टी के नेता व कार्यकर्ता बीच सड़क पर जिलाध्यक्ष के साथ क्रिकेट खेलने लगे।

बता दें कि ईंधन में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों द्वारा बुलाए गए भारत बंद से ओडिशा में सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है। भुवनेश्वर सहित राज्य के अन्य जगहों पर प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।

कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम करने से सड़क यातायात पर असर पड़ा है।

पूरे भारत में बंद की वजह से ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर, कटक, संबलपुर, राउरकेला, बालांगीर और भद्रक में रेल रोको प्रदर्शन किया। पूर्वी तटीय रेलवे ने राज्य में 12 ट्रेनों को स्थगित कर दिया है। बंद की वजह से बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (बीपीटीयू) में सभी व्यावसायिक पाठ््यक्रमों की परीक्षाएं रद्द कर दी है, वहीं स्कूलों व कॉलेजों को बंद रखा गया है।

पुरी के कोणार्क मंदिर में पर्यटक अंदर नहीं जा सके, क्योंकि कांग्रेस और माकपा कार्यकर्ताओं ने टिकट काउंटर बाधित कर दिया है। एनएच 316 के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मार्ग अवरुद्ध करने की वजह से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय को पिपली में रोक दिया गया।

भुवनेश्वर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अन्य पार्टी नेताओं के साथ कई जगहों पर प्रदर्शन किया और सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक और सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ओडिशा विधानसभा के पास प्रदर्शन किया।

ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरुद्ध विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद अध्यक्ष पी.के. अमात को सदन स्थगित करना पड़ा।

Author Image

Khabar East