बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन (गाड़ी संख्या 22563) के एक जनरल कोच में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। जिससे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी ट्रेन की जनरल बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि ट्रेन रखरखाव के लिए खड़ी थी और उसमें कोई यात्री नहीं था। ट्रेन पिछले दो दिनों से स्टेशन पर रखरखाव के लिए खड़ी थी। सुबह अचानक जनरल कोच से काला धुआं और ऊंची लपटें उठने लगी। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने देखते ही स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन तब तक आग ने बोगी के बड़े हिस्से को बरबाद कर दिया था। दमकल की स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के समय स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी भी यात्री या स्टाफ को नुकसान नहीं पहुंचा है।
समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा स्पेशल ट्रेन से मधुबनी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। डीआरएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की घोषणा की है। डीआरएम मिश्रा ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण सामने आया है। पूरी घटना की जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी। फिलहाल मधुबनी स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।