कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (KIFF) के उद्घाटन समारोह में इस बार सितारों का जमावड़ा लगने वाला है। बॉलीवुड से लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा तक के कई दिग्गज कलाकार कोलकाता के मंच पर नजर आ सकते हैं। सलमान खान, अक्षय कुमार, रजनीकांत और प्रभास समेत देश के कई लोकप्रिय फिल्मी सितारों को उद्घाटन समारोह में आमंत्रित करने की तैयारी कर रही है राज्य सरकार। सूत्रों के मुताबिक, 32वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन 16 दिसंबर को होगा, जबकि यह 23 दिसंबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में सलमान खान, अक्षय कुमार, परेश रावल, जॉनी लीवर, कंगना रनौत, रजनीकांत और प्रभास के शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इनमें से कई कलाकारों ने कोलकाता आने को लेकर सकारात्मक संकेत भी दिए हैं। हालांकि, मेहमानों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं हुई है।
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहला कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव होगा। ऐसे में मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी की सरकार इस आयोजन को विशेष रूप देने की तैयारी में जुटी है। फिल्म महोत्सव के संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है। आयोजन की रूपरेखा, मेहमानों को आमंत्रित करने और उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अब सभी की निगाहें 16 दिसंबर पर टिकी हैं। देखना होगा कि कोलकाता के मंच पर किन-किन फिल्मी सितारों की मौजूदगी होती है। फिलहाल, संभावित मेहमानों के नामों को लेकर फिल्म जगत और सिनेमा प्रेमियों के बीच चर्चा तेज है।