झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा के हत्या के मुख्य आरोपी अरुण उर्फ डोमन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक मुन्ना सिन्हा झारखंड मुक्ति मोर्चा के पांकी के प्रखंड अध्यक्ष थे। 14 अक्टूबर को पांकी थाना क्षेत्र के डंडार में मुन्ना सिन्हा की टांगी से वार करके हत्या की गई थी। हत्या का आरोप गांव के ही रहने वाले अरुण ठाकुर पर लगा था। पांकी थाना की पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की देर शाम छापेमारी कर आरोपी अरुण ठाकुर को गिरफ्तार किया है। अरुण ठाकुर पांकी के इलाके में ही छुपा हुआ था। पांकी पुलिस की एक टीम अरुण ठाकुर से पूछताछ कर रही है। पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा की हत्या के आरोपी अरुण ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई एवं छानबीन कर रही है।दरअसल, अरुण ठाकुर और झारखंड मुक्ति मोर्चा के पांकी प्रखंड के अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा था। घटना के दिन मुन्ना सिन्हा विवादित जमीन की जुताई करवा रहे थे, इसी क्रम में अरुण ठाकुर के साथ बहस भी हुई थी।
आरोप है कि इसी विवाद में अरुण ठाकुर ने मुन्ना सिन्हा पर टांगी से वार कर उनकी हत्या कर दी। मुन्ना सिन्हा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में टांगी से गंभीर रूप से चोट लगे थे। पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल टांगी को पहले ही बरामद कर लिया था।