सर्दियों से पहले भितरकनिका पहुंचने लगे प्रवासी पक्षी

  • Nov 29, 2026
Khabar East:Bhitarkanika-Sees-Arrival-Of-Migratory-Birds-Ahead-Of-Winter
केंद्रापड़ा,29 नवंबरः

ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में स्थित भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के मैंग्रोव जंगलों और जलाशयों में सर्दियों के मौसम से पहले प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही पक्षियों के वार्षिक प्रवास का सिलसिला शुरू हो गया है।

मध्य एशिया और यूरोप में स्थित अपने प्रजनन स्थलों पर कड़ाके की ठंड से बचने के लिए प्रवासी पक्षी यहां पहुंच रहे हैं। आने वाले हफ्तों में रामसर स्थल भितरकनिका में इन पक्षियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) वरदराज गांवकर ने बताया कि पिछले सर्दियों के मौसम में राष्ट्रीय उद्यान में 118 प्रजातियों के 1.52 लाख से अधिक पक्षी दर्ज किए गए थे।

प्रवासी पक्षियों के अवैध शिकार को रोकने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय उद्यान और उसके आसपास निगरानी बढ़ा दी है। डीएफओ ने बताया कि सख्त कार्रवाई और निगरानी के कारण अवैध शिकार की घटनाओं में काफी कमी आई है।

 सुंदरबन के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र भितरकनिका प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल आवास प्रदान करता है। यहां नदियों, जलधाराओं और आर्द्रभूमियों का विस्तृत नेटवर्क मौजूद है, जहां मछलियां, झींगे, क्रस्टेशियन और अन्य जलीय जीवों के रूप में पर्याप्त भोजन उपलब्ध होता है।

 एक अन्य वन अधिकारी ने बताया कि प्रवासी पक्षियों के आगमन से यहां की आर्द्रभूमियों की रौनक बढ़ गई है। इससे पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों का आकर्षण भी इस क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।

 मुख्य राष्ट्रीय उद्यान के अलावा ये प्रवासी पक्षी हुकीटोला, सतभाया, मदाली और नासी के आसपास स्थित जलाशयों में भी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र के करीब छह छोटे द्वीपों पर भी इनकी मौजूदगी देखी जा रही है।

 वन अधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का एक साथ जुटना और उनकी गतिविधियां प्रकृति प्रेमियों तथा पर्यटकों के लिए बेहद आकर्षक नजारा पेश करती हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: