मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के मद्देनजर भुवनेश्वर से सिंगापुर के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। यह जानकारी सोमवार को बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (BPIA) के निदेशक प्रसन्न प्रधान ने दी।
इससे पहले दुबई के लिए उड़ान संचालन भी क्षेत्र की भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित हो चुका है। वर्तमान में भुवनेश्वर से केवल बैंकॉक के लिए एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा ही संचालित हो रही है।
इस बीच हवाईअड्डा प्रबंधन ने चालू वर्ष के लिए अपना समर शेड्यूल भी जारी किया है, जिसके तहत कुछ घरेलू उड़ान मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। मौसमी मांग में कमी के कारण इंदौर, देहरादून और कोच्चि के लिए उड़ान सेवाएं फिलहाल निलंबित कर दी गई हैं।
निदेशक प्रसन्न प्रधान ने स्पष्ट किया कि विमानन ईंधन की कोई कमी नहीं है और कुछ सेवाओं का निलंबन पूरी तरह परिचालन एवं मौसमी कारणों से किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित रूट ऑफ-सीजन के चलते बंद किए गए हैं, न कि किसी तकनीकी या ईंधन संबंधी समस्या के कारण।