मुख्य सचिव ने की खरीफ सीजन के लिए उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा

  • Sep 06, 2025
Khabar East:Chief-Secretary-Reviews-Fertiliser-Availability-For-Kharif-Season
भुवनेश्वर,06 सितंबरः

मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने शनिवार को खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा हेतु सभी जिला कलेक्टरों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक का उद्देश्य किसानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार उर्वरक प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का समाधान करना था। मुख्य सचिव ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस वर्ष अच्छी मानसूनी बारिश के कारण, राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों को आवश्यक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य और जिला स्तर पर निगरानी प्रणाली को मज़बूत करने का निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उर्वरक किसानों तक उचित रूप से पहुंचें।

 खरीफ सीजन 3035 के लिए ओडिशा को कुल 11 लाख 33 हज़ार 776 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। अब तक 9.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरक बेचा जा चुका है और 2 लाख 7 हज़ार 220 मीट्रिक टन उर्वरक अभी भी उपलब्ध है।

 मुख्य सचिव ने विभिन्न जिलों में उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा की और किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अवैध उर्वरक दलालों वव तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।

 कृषि एवं किसान सशक्तिकरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. अरविंद कुमार पाढ़ी ने बताया कि अच्छी मानसूनी वर्षा और धान की खेती में किसानों की रुचि के कारण उर्वरकों की आवश्यकता बढ़ गई है। कृषि एवं सहकारिता विभाग के निदेशक किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की नियमित निगरानी कर रहे हैं।

 मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों को स्थिति की नियमित समीक्षा करने, आगामी खरीफ सीजन के लिए यूरिया उर्वरक की आवश्यकता का आकलन करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि उर्वरक निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर न बेचे जाएं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: