सेवा संकल्प अभियान की आगामी रूपरेखा पर मंथन

  • Sep 09, 2026
Khabar East:Deliberating-on-the-roadmap-for-the-upcoming-Seva-Sankalp-Abhiyan
रायपुर,09 सितंबरः

भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को गति देने के लिए सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। आज उनकी मौजूदगी में राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में अहम बैठक जारी है, जिसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं। बैठक में सेवा संकल्प अभियान की आगामी रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठन स्तर पर इसकी तैयारियों को लेकर मंथन किया जा रहा है। बता दें कि सेवा संकल्प अभियान के लिए गठित 13 टोलियां भी बैठक में शामिल हैं। इस दौरान अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है।

 बताया जा रहा है कि बैठक में सेवा संकल्प अभियान को संगठन के स्तर पर और प्रभावी बनाने को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अभियान से जुड़े आगामी कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों को लेकर भी पदाधिकारियों के साथ चर्चा होगी।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2026 को जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे करेंगे। इसी अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का विशेष सेवा संकल्प अभियानचलाएगी। प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन में सेवा यात्रा की शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हुई थी। अभियान के माध्यम से उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: