देवघर सदर अस्पताल का होगा विस्तार

  • May 01, 2026
Khabar East:Deoghar-Sadar-Hospital-to-be-Expanded
देवघर,01 मईः

जिले के नए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त के अचानक पहुंचने से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओटी, आईसीयू, सीटी स्कैन, बर्न वार्ड और मैटरनिटी वार्ड समेत कई विभागों का जायजा लिया जिसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति और ड्यूटी रोस्टर की भी जांच की। इसके साथ ही उन्होंने पंजीकृत मरीजों की संख्या का अवलोकन किया और ओपीडी में तैनात चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। हाल ही में सीएसआर फंड से लगाए गए अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन के संचालन को लेकर सिविल सर्जन को भी जरूरी निर्देश दिए गए।

  उपायुक्त ने मरीजों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश देते हुए अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। सदर अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज को सुखद अनुभव हो। इसके लिए अस्पताल के सौंदर्यकरण का भी विस्तार करें क्योंकि एक अच्छे और स्वच्छ माहौल में ही बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद की जा सकती है। पदभार संभालने के बाद से उपायुक्त लगातार सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं और जहां भी कमियां मिल रही हैं। उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दे रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: