पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने ट्रेनों में फर्जी दरोगा बनकर यात्रियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहानाबाद निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह खुद को पुलिस का दरोगा बताकर ट्रेनों में सफर करता था और मौका मिलते ही यात्रियों का सामान चोरी कर लेता था। पूछताछ या शक होने पर वह फर्जी पुलिस पहचान पत्र दिखाकर लोगों को गुमराह करता था। रेल पुलिस को पिछले काफी समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके पटना जंक्शन पहुंचने की सूचना मिलने के बाद सिविल ड्रेस में टीम तैनात की गई। जैसे ही आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर वंदे भारत एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था,पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से फर्जी पुलिस आईकार्ड, एक मोबाइल और बीएमपी के एक हवलदार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। जब पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो उसमें आरोपी की पुलिस वर्दी पहने कई तस्वीरें भी मिलीं, जिससे उसके फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धोखा देने की पुष्टि हुई। रेल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेल थाना में मामला दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि वह अकेले वारदातों को अंजाम देता था या किसी संगठित चोरी गिरोह का सदस्य है। साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बीएमपी हवलदार के दस्तावेज उसके पास कैसे पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।