बिहार के नवगछिया में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी की वारदात सामने आई है। इस घटना में उनके एक भांजे की मौत हो गई है, जबकि दूसरा भाई और मां घायल हैं। आपसी विवाद में दोनों ओर से गोलीबारी हुई। नवगछिया पुलिस ने बताया कि पानी को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों विश्विजित और जयजीत के बीच गोलीबारी हुई। इस घटना में गोली लगने से विश्विजित की मौत हो गई, जबकि जयजीत और मां हिना देवी घायल हैं। दोनों को भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक विश्विजित और जयजीत केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे हैं। दोनों की मां हिना देवी के हाथ में गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक विश्वजीत यादव और जयजीत यादव दोनों नवगछिया के जगतपुर गांव में एक ही मकान में साथ रहते थे। विश्वजीत बड़ा था और जयजीत छोटा। दोनों खेतीबाड़ी कर अपना जीवन यापन करते थे। बताया जा रहा है कि नल के पानी को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई। जयजीत ने विश्वजीत पर फायरिंग कर दी। घायल विश्वजीत ने भी जवाबी फायरिंग की। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही विश्वजीत ने दम तोड़ दिया, जबकि जयजीत बुरी तरह जख्मी है।
भाजपा एमएलसी डॉक्टर एनके यादव के अस्पताल में हिना देवी और जयजीत का इलाज किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने विश्विजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।