मछुआरों को 24 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह

  • Sep 21, 2026
Khabar East:Fishermen-Advised-To-Stay-Ashore-Till-September-24-Amid-Rough-Sea-Warning
भुवनेश्वर,21 सितंबरः

बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बेहद खराब रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर ने मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की है। सभी मछुआरों को 24 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, 20 से 22 सितंबर तक मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 22 से 24 सितंबर तक यह चेतावनी मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ आंध्र प्रदेश-ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों और उनसे लगे समुद्री क्षेत्रों के लिए लागू रहेगी। समुद्र में मौजूद मछुआरों को 21 सितंबर की शाम तक तट पर लौटने की सलाह दी गई है।

21 सितंबर को मध्य और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों के साथ 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

 वहीं, 22 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे, जबकि झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी से सटे क्षेत्रों में हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे, जो झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: