आज पूरे देश में रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को कलर लगा रहे हैं। होली पर्व की खुमारी न सिर्फ भारतीयों में बल्कि विदेशी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। बिहार के बोधगया में वियतनाम से आए पर्यटकों ने बोधगया के बकरौर गांव में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जमकर होली खेली। रंगों के महान पर्व में विदेशी मेहमान भी रंगों में सराबोर नजर आए।
वियतनाम के 16 सदस्यों का एक शिष्टमंडल ने बोधगया के बकरौर गांव जा कर वहां के लोगों के साथ होली का जश्न मनाया। स्थानीय लोगों के साथ उन लोगों ने रंग और अबीर लगाया। सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और मानवता का संदेश दिया। साथ ही संदेश दिया कि त्योहार किसी सरहद, किसी भाषा, पहनावे रंग ढंग की मोहताज नहीं है, बल्कि त्योहार को सभी धर्म जाति के लोग एक दूसरे के साथ मना कर खुशियां बटोरते है।
विदेशी मेहमान ने होली के पारंपरिक गीतों पर झूमते भी दिखे। ढोल और संगीत की धुन पर उन्होंने भारतीय संस्कृति की एक झलक का आनंद भी लिया। वियतनाम से आए विदेशियों ने बताया कि भारत की संस्कृति और यहां के त्योहारों को करीब से जानने का उन्हें अवसर मिला है।
बता दे कि यह सभी विदेशी महमान पिछले कई दिनों से यहां रुककर परंपराओं को जानने और समझने की कोशिश कर रहे हैं। वियतनामी व्यक्ति डेविस ने बताया कि गया के स्थानीय लोगों के साथ होली मना कर उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई है। उन्होंने भारत और वियतनाम के बीच संबंधों को और भी मजबूत करने पर जोर दिया।