मौसम आने दीजिये, समय का इंतजार कीजिए झारखंड में कमल खिलेगा। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह में मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि झारखंड में संगठन अपना काम कर रही है। यहां भाजपा मजबूत है। बाबूलाल ने कहा कि जिस तरह से यूपी, बिहार और बंगाल ने कमल खिला है, उसी तरह यहां भी खिलेगा। सूबे में कानून व्यवस्था बद-से-बदतर हो चुकी है। इस स्थिति तक लाने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि मैं यह बात इसलिए कह रहा हूं कि चूंकि राज्य के पुलिस कप्तान वैसे अधिकारी को बना दिया जा रहा है, जो रिटायर्ड होने वाले अधिकारी हैं। पहले अनुराग गुप्ता को डीजीपी बनाया था। जबकि अनुराग गुप्ता को इसी सरकार ने दो साल तक निलंबित रखा।हद तो तब हो गई जब अनुराग गुप्ता सेवानिवृत्त हो गए फिर उन्हें गलत तरीके से डीजीपी बनाए रखा गया था। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब आपराधिक गिरोह के सुजीत सिन्हा और उसकी पत्नी रिया सिन्हा पकड़ी गई तब अनुराग गुप्ता और उन दोनों के बीच सोशल मीडिया पर चैट का खुलासा हुआ। इसके बाद राज्य सरकार ने अनुराग गुप्ता से इस्तीफा लिया। इसके बाद हेमंत सोरेन ने तदाशा मिश्रा को डीजीपी बनाया। जबकि तदाशा मिश्रा डीजीपी की रैंक में नहीं थीं। इसके बावजूद प्रमोशन देकर उन्हें डीजीपी बनाया गया। फिर जब उनकी सेवानिवृत्ति का समय आया तो एक्सटेंशन देकर डीजीपी बनाकर रखा गया है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शराब घोटाला में डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई। ताबड़तोड़ अभियान चला। उन्होंने कहा कि मैंने 2022 में सरकार को पत्र लिखा था कि घोटाला हो रहा है कार्रवाई कीजिए। बाद में कार्रवाई शुरू हुई तो लगा चलो अब तो कार्रवाई हो रही है, लेकिन महीनों बीत गए और बाय डीफॉल्ट लोगों को बेल भी मिल गया, पर आज तक चार्जशीट समर्पित नहीं की गई।