मयूरभंज में एक्सपायर्ड दवाओं को फेंकने की जांच के आदेश

  • Aug 26, 2026
Khabar East:Mayurbhanj-ADM-Orders-Probe-Into-Dumping-Of-Expired-Drugs
बारीपदा,26 अगस्तः

मयूरभंज के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) नेत्रानंद मल्लिक ने बुधवार को कहा कि जिला प्रशासन मयूरभंज जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) के पास बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं कथित रूप से फेंके जाने के मामले की जांच करेगा।

करोड़ों रुपये की बताई जा रही एक्सपायर्ड दवाओं को कथित रूप से खुले में डंप किए जाने से जिले में मेडिकल वेस्ट के निपटारे को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि इस कचरे में एंटीबायोटिक्स, मास्क, सिरिंज, टेस्टिंग किट और अन्य जरूरी दवाएं शामिल थीं।

 मल्लिक ने कहा कि प्रशासन को मीडिया और अन्य स्रोतों से इस मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

 पत्रकारों से बातचीत में मल्लिक ने कहा कि हमें मीडिया और अन्य स्रोतों से इस मामले की जानकारी मिली है। दवाओं का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। सरकार स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

 उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर ने भी बुधवार को कलेक्ट्रेट में चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक की और अधिकारियों को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर जिले में रहने वाले आदिवासी समुदाय के लोगों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

मल्लिक ने कहा कि यदि मामला सही पाया जाता है, तो मैं जिलाधिकारी को इसकी जानकारी दूंगा और मामले की जांच कराई जाएगी। कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बचने का मौका नहीं मिलेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: