बिहार के नालंदा में एनआईए (एनआईए) की छापेमारी हुई है। बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लहेरी मोहल्ला में एक बंदूक की दुकान और ज्वेलरी दुकान समेत 10 जगहों पर एनआईए और एटीएस (एटीएस) की संयुक्त छापेमारी हुई। सोमवार सुबह 4:45 बजे से ही जांच टीम कार्रवाई में जुट गयी थी। जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी डीएसपी शेख साबिर के नेतृत्व में हथियार तस्करी गिरोह के नेटवर्क को खंगालने के लिए की गयी। जिले के 'पीके गन हाउस' समेत कई ठिकानों पर दबिश दी गई है। दुकान के अंदर रखे गए हथियारों के नंबर और स्टॉक का मिलान किया गया। सुबह-सुबह हुई इस बड़ी कार्रवाई से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जांच टीम लहेरी थाना क्षेत्र में रामप्रवेश कुमार के 'पीके गन हाउस', रवि ज्वेलरी दुकान, चिकसौरा थाना के मिर्जापुर गांव और हिलसा थाना के राममूर्ति नगर में एक साथ छापेमारी की। इस ऑपरेशन में 11 गाड़ियों से लगभग 100 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से स्थानीय थाने को पत्र द्वारा सूचित किया गया है, लेकिन इस किन कारणों से छापेमारी की गयी, इस संबंध में नहीं बताया गया है।
वहीं, 'पीके गन हाउस' के संचालक रामप्रवेश वर्मा ने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई से किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। उनके अनुसार, "जांच टीम आई और अपना काम पूरा कर चली गई।" हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि क्या टीम ने हथियारों के स्टॉक की भी जांच की है, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। कहा कि टीम अपने साथ उनका मोबाइल और बैंक पासबुक ले गई है।