ओडिशा के भद्रक जिले में एक महिला ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए बस स्टैंड पर लावारिस मिले नकदी और कीमती सामान से भरे बैग को पुलिस के हवाले कर दिया।
यह मामला भद्रक टाउन थाना क्षेत्र का है। महिला की पहचान शुभस्मिता जेना के रूप में हुई है, जो ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन (OMC) में कार्यरत हैं। वह अपनी एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए जाजपुर गई थीं। जाजपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते समय शुभस्मिता की नजर एक लावारिस बैग पर पड़ी। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से बैग के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई भी उसे लेने नहीं आया।
वापसी की बस का समय होने के कारण शुभस्मिता बैग अपने साथ लेकर भद्रक पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने पिता के साथ भद्रक टाउन थाना जाकर बैग पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस द्वारा जांच करने पर बैग से 60 हजार रुपये से अधिक नकद, एक चांदी की पायल और चाबियों का गुच्छा बरामद हुआ।
महिला की इस ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की लोगों ने जमकर सराहना की है।
शुभस्मिता जेना ने बताया कि नीले रंग के बैग में नकदी और चाबियों का गुच्छा था। वह जगह मेरे लिए नई थी और मैं वहां किसी को नहीं जानती थी। मैंने करीब तीन घंटे तक इंतजार किया कि कोई बैग लेने आए, लेकिन कोई नहीं आया। परिवहन की सुविधा नहीं होने के कारण मैं बैग अपने साथ भद्रक ले आई और भद्रक टाउन थाने में पुलिस को सौंप दिया।