बिहार के सिवान जिले में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस ने अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई शहर के चर्चित नया किला इलाके में स्थित उस आवास पर की गई, जो पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का भी निवास रहा है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी और इलाके की घेराबंदी से आसपास के लोगों में दहशत और कौतूहल दोनों का माहौल देखा गया।
सुबह के समय ही पुलिस की कई गाड़ियां नया किला इलाके में पहुंची। देखते ही देखते पूरे इलाके को पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया। किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश और निकास पर नजर रखी गई। छापेमारी का नेतृत्व सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार और सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा कर रहे थे। उनके साथ जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीम, विशेष बल और तकनीकी इकाइयां भी मौजूद रही।
पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली। सूत्रों की मानें तो इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई, हालांकि आधिकारिक तौर पर इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई है। छापेमारी की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ पिछले एक महीने के भीतर दो अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि यह मामला महादेवा थाने का है, जिसमें एक डॉक्टर की जमीन पर रंगदारी के जरिए कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद कोर्ट से वारंट प्राप्त कर पुलिस ने कार्रवाई की। विधायक ओसामा शहाब के दो ठिकानों पर छापेमारी की गई है और फिलहाल आगे की जांच व कार्रवाई जारी है।