छावनी पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए होटल संचालक, दलाल और एक अन्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। दर्सल, पुलिस को खबर मिली थी कि पावर हाउस बस स्टैंड स्थित होटल छाया इन में गलत काम हो रहा है। मुखबिर से मिली खबर के बाद पुलिस ने होटल पर छापेमार कार्रवाई की। मौके से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों के खिलाफ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रेड की ये पूरी कार्रवाई दुर्ग रेंज के डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर डीएसपी चित्रा वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा और थाना स्टाफ शामिल रहे। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि हमने गुप्त सूचना के आधार पर होटल में रेड मारी, जहां संदिग्ध गतिविधियां होने की जानकारी थी। जांच में पुष्टि हुई कि होटल में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जांजगीर जिले से आई 2 युवतियों और भोपाल से किराए पर बुलाई गई एक युवती को रेस्क्यू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दलाल के माध्यम से युवतियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था। होटल संचालक और दलाल मिलकर बाहर से युवतियों को बुलाते, उन्हें किराए के मकान में ठहराते और ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कार की व्यवस्था करते थे।
पुलिस ने तीनों युवतियों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। होटल की कर्मचारी को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। छावनी पुलिस ने होटल संचालक धनेस राय, दलाल और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।