बिहार के पटना में एनकाउंटर की घटना सामने आयी है। बुधवार की अहले सुबह बिहार पुलिस एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुआ। घटना पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र की है। पटना पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में खाजेकला थाना इलाके में रहने वाले राजीव कुमार उर्फ सूर्या के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए शहर के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक राजीव पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि कि बुधवार सुबह सूचना प्राप्त हुई कि एक अपराधी राजीव कुमार उर्फ़ सूर्या रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से गायघाट आने वाला है। पुलिस द्वारा एसटीएफ के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थल पर पहुंच कर घेराबंदी की गई। पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम उसे गायघाट पुल के पास घेर लिया। पुलिस टीम को देखते ही अभियुक्त ने पुलिस पर हमला कर दिया।
परिचय कुमार ने आगे बताया कि पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में एक गोली लगी है। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घटनास्थल से 1 देसी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस और 1 गोली का खोखा बरामद किया गया है।
बुधवार सुबह-सुबह एनकाउंटर की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखे और नहीं डरने की बात कही है। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया है। इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गयी है।
बता दें कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन लंगड़ा अभियान चला रही है। अपराधियों को सीधे पैर में गोली मार रही है। राज्य में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस दौरान कई अपराधि पुलिस पर फायरिंग कर देते हैं, जिसमें पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी होती है।