महाप्रभु जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने महाराष्ट्र के गोंदिया जंक्शन और पुरी के बीच स्पेशल रथ यात्रा एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन चुनिंदा तिथियों पर दोनों दिशाओं में संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 08801 गोंदिया जंक्शन–पुरी रथ यात्रा स्पेशल एक्सप्रेस 2, 9, 16 और 29 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे (13:30 बजे) गोंदिया जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:00 बजे पुरी पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 08802 पुरी–गोंदिया जंक्शन रथ यात्रा स्पेशल एक्सप्रेस 3, 10, 17 और 30 जुलाई 2026 को दोपहर 1:00 बजे (13:00 बजे) पुरी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:00 बजे गोंदिया जंक्शन पहुंचेगी।
यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, लखोली, खरियार रोड, कांटाबांजी, टिटिलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड स्टेशनों पर ठहरेगी।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 2 लगेज-सह-दिव्यांग अनुकूल कोच, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, 10 स्लीपर कोच, 3 एसी थ्री-टियर कोच और 1 एसी टू-टियर कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य जानकारी की पुष्टि नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवाओं के माध्यम से कर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।