आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, नौ की मौत, सभी जिलों में अलर्ट

  • May 09, 2026
Khabar East:Storm-and-Rain-Wreak-Havoc-Nine-Dead-Alert-Issued-Across-All-Districts
पटना,09 मईः

बिहार में तेज आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात के चलते नौ लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज भी 20 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। आंधी इतनी तेज थी पटना में जगह-जगह पेड़ उखड़कर चलती गाड़ियों के ऊपर गिर गए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, वज्रपात से वैशाली में 3, पटना में 3, भोजपुर में एक, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इन मौतों पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। बिहार में वज्रपात से भोजपुर, पटना, समस्तीपुर एवं पूर्वी चंपारण में एक-एक व्यक्ति तथा आंधी-तूफान व तेज वर्षा के दौरान पेड़ गिरने से पटना में दो एवं वैशाली में एक व्यक्ति की मृत्यु पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। साथ ही सीएम सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें तथा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुझावों का पालन करें।

 मौसम विभाग ने आज भी मैप के जरिए 9 जिलों को रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, अरवल, भोजपुर, बक्सर, सारण, सीवान और गापालगंज जिलों के लिए रेड अलर्ट है। इन नौ जिलों में तेज बारिश और वज्रपात के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की आशंका है। वहीं कई स्थानों पर ओले भी गिरने की संभावना है। अन्य 29 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: