बिहार में मानसून की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को राज्य के 25 जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रभावित इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने मुख्य रूप से उत्तर बिहार, पूर्वी हिस्से और सीमांचल के क्षेत्रों को सावधान रहने को कहा है। अलर्ट वाले प्रमुख जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर और सीतामढ़ी शामिल हैं। इसके साथ ही मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और खगड़िया में भी खराब मौसम का अनुमान है। दक्षिण और पूर्वी बिहार के कैमूर, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में भी असर दिखेगा। प्रशासन ने लोगों को खुले आसमान या पेड़ों के नीचे न जाने की सख्त सलाह दी है।
इसके विपरीत राजधानी पटना समेत दक्षिण और मध्य बिहार में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। यहां दिनभर बादलों की आवाजाही तो रहेगी, लेकिन तेज बारिश की संभावना बहुत कम है। कड़ी धूप और हवा में ज्यादा नमी होने के कारण लोगों को बेहाल करने वाली उमस का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिल सकती है। पटना, गया, नालंदा और नवादा में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। पिछले 24 घंटों में 36.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके बाद भोजपुर में 36.3 डिग्री, पटना में 35.9 डिग्री और औरंगाबाद में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।