पश्चिम बंगाल राज्य पुलिस के एसीपी अनिर्वाण चक्रवर्ती की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी। वह 57 साल के थे। दिल्ली में ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। गुरुवार की रात को दिल्ली के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनको भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान रात को ही उनकी मौत हो गयी। गौरतलब है कि राज्य पुलिस प्रशासन में उनकी काफी ख्याति रही है। वह 1993 के बैच के सब इंस्पेक्टर थे। बैरकपुर थर्ड बटालियन एसिस्टेंट कमिश्नर भी रह चुके थे। इसके साथ ही उन्होंने काफी साल स्वामी विवेकानंद स्टेट पुलिस अकादमी में बतौर कानून के प्रशिक्षक भी काम किया था। पुलिस के काफी वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न समय पर कानून से संबंधित कई सलाह उनसे लिया करते थे।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिर्वाण चक्रवर्ती पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। हार्ट का इलाज करवाने के लिए उन्होंने 15 दिनों की छुट्टी भी मांगी थी। इस बीच राज्य पुलिस की ओर से उन्हें ड्यूटी पर दिल्ली भेज दिया गया था। वह दिल्ली में बंग भवन में ड्यूटी पर थे जहां दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार की देर रात उनकी मौत हो गयी।