पटना एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी मोहम्मद हैदर ढेर

  • Jun 13, 2026
Khabar East:Notorious-criminal-Mohammad-Haider-killed-in-Patna-encounter
पटना,13 जूनः

पटना के मसौढ़ी मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात जवाबी कार्रवाई में अपराधी मोहम्मत हैदर को गोली लगी थी, जिसमें वो घायल हो गया था। उसे पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह घटना ऐप पर मोबाइल खरीद-बिक्री के बहाने युवक को अगवा कर लूटने की थी। कुछ युवक एक व्यक्ति को मणिचक गांव के पास ले गए और उसका मोबाइल व नकदी लूटने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के जांघ में और एएसआई संजय कुमार के हाथ में गोली लगी। दोनों का इलाज एम्स पटना में चल रहा है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोहम्मद हैदर घायल हुआ। उसे पहले पुनपुन पीएचसी, फिर पीएमसीएच, मैक्स हॉस्पिटल और अंत में पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद हैदर के रूप में हुई है।

 पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी छह अपराधियों की पहचान कर ली है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। एसपी परिचय कुमार ने आश्वासन दिया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाओं को दोहरने नहीं दिया जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: