पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच कॉन्ग्रेस के उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कॉन्ग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुर्शिदाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने न केवल उनके कार्यक्रम में बाधा डाली बल्कि उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी भी की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना बहरामपुर के वार्ड नंबर 19 की है, जहाँ अधीर रंजन चौधरी सुबह जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए थे। इसी दौरान TMC समर्थकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुँच गई। इस घटना के बाद उन्होंने प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। इस दौरान कॉन्ग्रेस नेता ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी पर विकास कार्यों में बाधा डालने का भी आरोप लगाया।
उनका कहना है कि कई अहम प्रोजेक्ट केवल इसलिए लटके हुए हैं क्योंकि राज्य सरकार उन्हें आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें किसी भी प्रकार का श्रेय मिलने से रोका जा रहा है। उनके मुताबिक, ममता सरकार यह नहीं चाहती कि उनके क्षेत्र में कोई विकास कार्य उनके नाम से जुड़ा हो और सारा श्रेय केवल मुख्यमंत्री को ही मिले।