सीएम नीतीश कुमार ने दरभंगा को दी करोड़ों की सौगात

  • Jan 11, 2025
Khabar East:CM-Nitish-Kumar-gave-a-gift-of-crores-to-Darbhanga
दरभंगा,11 जनवरीः

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दरभंगा को करोड़ों की सौगात दी है। सीएम आज प्रगति यात्रा के दौरान दरभंगा जिले का दौरा किया। उन्होंने सिंहवाड़ा प्रखंड के भराठी में वृहद आश्रय गृह का उद्घाटन कर यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण और उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री संजय झा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सिमरी के चंदसार में मत्स्य विपणन किट और मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों से संवाद किया। पंचायत सरकार भवन परिसर में उन्होंने सात निश्चय योजना से संबंधित प्रगति कार्यों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।इसके बाद मुख्यमंत्री ने मध्य विद्यालय सिमरी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने पोषण वाटिका का निरीक्षण किया और विद्यालय में छात्राओं के लिए चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की। सिमरी हाई स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का रिमोट से शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने वहां लगाए गए विभागीय स्टॉल का दौरा किया और जीविका दीदियों, टोला सेवकों और विकास मित्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।दरभंगा में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय बस पड़ाव स्थल का निरीक्षण किया और इसे बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

 इसके अलावा उन्होंने हराही तालाब के सौंदर्यीकरण के कार्यों की प्रगति देखी। कार्यक्रम में एनडीए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दरभंगा जिले को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का तोहफा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरे को दरभंगा के विकास के लिए एक नया मील का पत्थर बताया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: