पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल की बेटी सुनीता बिस्वाल, बीजू जनता दल (बीजेडी) से इस्तीफा देने के एक दिन बाद गुरुवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं। राहुल गांधी की 11 जुलाई को ओडिशा यात्रा से एक दिन पहले उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
भुवनेश्वर स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास, वरिष्ठ नेता जयदेव जेना सहित पार्टी के अन्य नेताओं की उपस्थिति में वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हुईं।
बतादें कि व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए सुनीता बिस्वाल ने बुधवार को बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बीजेडी सुप्रीमो नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा पत्र भेज दिया था। सुनीता बिस्वाल ने 2019 के आम चुनावों में सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से बीजेडी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। तब उन्हें लगभग 2,77,000 वोट मिले थे।
इससे पहले 2024 के चुनाव के दौरान ही खबरें आ रही थीं कि सुनीता बिस्वाल कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। लेकिन उस समय उन्होंने इसे अफवाह करार दिया था। राहुल गांधी के आने से पहले सुनीता बिस्वाल के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अटकले लगाई जा रही हैं कि उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को देखते हुए यह फैसला लिया है।