भाजपा नेता मोहन चरण माझी ने बुधवार को यहां जनता मैदान में आयोजित एक विशेष समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने नए मुख्यमंत्री को शपथ दिलाई। उन्होंने बीजद के नवीन पटनायक का स्थान लिया है।
माझी के साथ, वरिष्ठ भाजपा नेता और पटनागढ़ विधायक केवी सिंह देव और नीमापड़ा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं प्रभाति परिड़ा ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिन्होंने हाल ही में नौ जून को लगातार तीसरी बार शपथ ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे।
शपथ ग्रहण समारोह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद ओडिशा में यह पहली भाजपा सरकार है, जब उसने बीजू जनता दल (बीजद) को हराकर उसके 24 साल पुराने शासन का अंत किया था।