ओडिशा में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के कई इलाकों में दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। सोमवार को दोपहर 2.30 बजे तक झारसुगुड़ा में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो विभिन्न स्थानों में सबसे अधिक तापमान था।
अन्य स्थानों पर भी भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। आज संबलपुर में 42.6 डिग्री सेल्सियस, हीराकुद में 41.8 डिग्री सेल्सियस और राउरकेला में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, केंदुझर जैसे तटीय क्षेत्रों में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि चांदबाली में 37.6 डिग्री सेल्सियस, बालेश्वर में 36.2 डिग्री सेल्सियस और भुवनेश्वर में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दोपहर 2.30 बजे पुरी और गोपालपुर जैसे स्थानों पर आर्द्रता लगभग 72 प्रतिशत दर्ज की गई, पारादीप में लगभग 70 प्रतिशत, जबकि बालेश्वर और भुवनेश्वर दोनों में 62 प्रतिशत के करीब मापी गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चांदबाली में लगभग 59 प्रतिशत आर्द्रता थोड़ी कम रही। इन स्थितियों ने गर्मी को काफी हद तक बढ़ा दिया है, जिससे दैनिक जीवन और गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय केद्र के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम (दिन) तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद ओडिशा के जिलों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अंगुल, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सुंदरगढ़, बलांगीर, सुवर्णपुर, बौध, बरगढ़, कलाहांडी तथा नुआपड़ा जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।