अज्ञात अपराधियों ने बाइक की डिक्की से उड़ाए 25 लाख के गहने

  • May 07, 2026
Khabar East:Unidentified-criminals-stole-jewelry-worth-₹25-lakh-from-a-bikes-storage-compartment
हजारीबाग,07 मईः

जिले के चौपारण प्रखंड के महाराजगंज में बुधवार रात को चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान संचालक की बाइक से लगभग 25 लाख रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस घटना को बड़े ही फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सूजी गांव निवासी सुधा ज्वेलरी दुकानदार के मालिक अलखदेव पोद्दार अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ कीमती आभूषण अपनी बाइक की डिक्की में रख दिए और दुकान का शटर गिराने लगे। तभी मौके का फायदा उठाते हुए अपाची बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा और चंद सेकंड में डिक्की से सभी आभूषण निकाल लिए, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बतायी जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इटखोरी की ओर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

 बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि का पता चले तो तुरंत इसकी जानकारी नजदीकी थाना को दें, ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी हो जाएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: