पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ 56 लाख का गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे का वजन 9 क्विंटल से ज्यादा का बताया जा रहा है। दरअसल, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जिले में की जा रही है। चल रही कार्रवाई के दौरान टीम को मुखबिर से खबर मिली की एक ट्रक जिसका नंबर 2059 है, उसपर गांजे की बड़ी खेप का परिवहन किया जा रहा है। मुखबिर ने ये भी बताया कि गांजे की ये खेप ओडिशा से चलकर पलसल्ली बैरियर की ओर आ रही है। खबर की पुष्टि करने के बाद बसना पुलिस ने तत्काल बैरियर पर नाकाबंदी लगानी शुरू कर दी। मुखबिर ने जिस वाहन के बारे में बताया था, वो वाहन जैसे ही पलसापाली बैरियर पर पहुंचा, पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। गाड़ी के रुकते ही ड्राइवर और क्लीकर दोनों को टीम ने अपने कब्जे में लिया। टीम ने गाड़ी में लोड सामान के बारे में पूछा और उसके कागजात मांगे। ड्राइवर और क्लीनर इसपर गोल मोल जवाब देने लगे जिसके बाद पुलिस टीम ने गाड़ी में चढ़कर सामान की चेकिंग शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को लगा कि गाड़ी में सिर्फ केला लोड है, पुलिस को मुखबिर से गलत जानकारी मिली है लेकिन जैसे ही पुलिस ने केले के पीछे रखे सामानों को चेक किया तो उनकी आंखें फटी रह गई। केले के पीछे गांजे को छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने एक एक कर 29 गांजे से भरे बोरियों को नीचे उतारा। पकड़े गए गांजे का जब वजन किया गया तो वो 9 क्विंटल से ज्यादा निकला। पकड़े गए गांजे की कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर और गाड़ी के क्लीनर ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए थे। उनकी कोशिश थी कि वो पुलिस को चकमा देकर निकल जाएंगे लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।