आईआईटी भिलाई के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरे लिए यहां आना सौभाग्य की बात है। आप लोगों मुझे अपने विचार रखने का यहां मौका दिया ये मेरे लिए गर्व की बात है। भिलाई आईआईटी संस्थान पढ़ाई और तकनीक के क्षेत्र में अपनी महारत के लिए जाना जाता है। राष्ट्रपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह का दिन एक छात्र के लिए उपलब्धियों से भरा दिन होता है। आज से आप एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर दुनिया में प्रवेश करने को तैयार हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासी समुदाय की भागीदारी के बिना देश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जनजातीय समाज के लोगों को आज साथ लेकर चलने की जरुरत है। स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में भिलाई आईआईटी और एम्स मिलकर काम कर रहे हैं। दोनों संस्थानों ने मिलकर आम लोगों की मदद के लिए एप तैयार किया है। जनजातीय समुदायों के विकास के लिए भिलाई आईआईटी काम कर रहा है। जनजातीय समुदाय के विकास को लेकर जो काम छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है उसे देखकर काफी खुशी हो रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि शिक्षा व्यवहारिक होने के साथ साथ समावेशी भी होना चाहिए। ये अच्छी बात है कि भिलाई इसी दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।