खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने शनिवार को विधायक निधि से निर्मित 83 योजनाओं का एक साथ उद्घाटन किया। खूंटी जिला परिषद परिसर में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि वह लगाता क्षेत्र के विकास में लगे हैं। मुंडा ने कहा कि विधायक निधि से निर्मित 83 योजनाओं में खूंटी, मुरहू और कर्रा प्रखंड में पीसीसी सड़क, गार्डवाल, चबूतरा, पुलिया आदि का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खूंटी राज्य का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष काशी नाथ महतो ने कहा कि मुंडा जब से विधायक बने हैं, तब से खूंटी क्षेत्र का लगातार विकास हो रहा है। उप विकास आयुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि विधायक के नेतृत्व में खूंटी जिले में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जनता के सहयोग से सभी योजनाएं समय से पूरी भी हो रही है। कार्यक्रम में आगंतुकों का स्वागत जिला परिषद के कार्यपालक अधिकारी अमित कुमार झा ने किया। कार्यक्रम को जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन आदि ने भी संबोधित किया।