साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश,10 आरोपी गिरफ्तार

  • Oct 15, 2026
Khabar East:Cyber-​​fraud-gang-busted-10-accused-arrested
रांची,15 अक्टूबरः

राजधानी रांची में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रांची पुलिस ने पिस्कामोड़ स्थित 2 भवनों में छापेमारी करते हुए 10 साइबर अपराधियों को पकड़ा है जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपी पलामू और गढ़वा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 7,98,100 रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में मोबाइल फोन,एटीएम कार्ड,पासबुक और अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 252 26 दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। मामले में पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि पिस्का मोड़ के पास स्थित पराशर बिल्डिंग और जतरा मैदान के पास मालती अपार्टमेंट के किराये के फ्लैटों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने दोनों बिल्डिंगों में एक साथ छापा मारकर गिरोह का पर्दाफाश किया और 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।

 पकड़े गए आरोपियों में पलामू निवासी रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, अमित रंजन, अविनाश कुमार,राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार और सत्यम कुमार शामिल है।

 वहीं गढ़वा निवासी सूरज देव कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और साइबर ठगी में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान ठिकानों से 798100 रुपये नकद,36 स्मार्टफोन, एक लैपटॉप,32 एटीएम कार्ड,पांच पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा हिसाब-किताब से जुड़ी 25 नोटबुक, दो स्मार्ट स्पीकर और एक बाइक भी जब्त किया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: